बैतूल के इन जांबाजों ने कर डाला कमाल: लगातार चलाई 17.53 घंटे साइकिल और पूरी की 300 किमी रेस

साइकिलिंग क्लब बैतूल ने एक बार और जिले का गौरव बढ़ाया है। क्लब के 4 जांबाज सदस्य रोशन सूर्यवंशी, आयुष मिश्रा, प्रमोद मालवीय और राहुल ने नागपुर में आयोजित साइकिलिंग प्रतियोगिता इंडिया रेन्डोनियर्स में 300 किलीमीटर नॉन स्टॉप साइकिलिंग समय 20 घंटे में पूर्ण करने की चुनौती को स्वीकार किया। इन प्रतिभागियों ने उक्त रेस नॉन स्टॉप 17 घंटे 53 मिनट में ही पूर्ण कर ली और इतिहास रच दिया गया।
नागपुर के जीरो माइल नामक स्थान से 12 मार्च को शाम 4 बजे यह रेस प्रारंभ हुई। जिसमें साइक्लिस्ट को अमरावती जाकर वापस न्यूनतम 20 घंटे में वापस आना था। शारीरिक क्षमताओं की पराकाष्ठा के परीक्षण की इस प्रतियोगिता में बैतूल के प्रतिभागियों द्वारा भाग लेकर 17 घंटे 53 मिनट में यह प्रतियोगिता पूर्ण कर ली गई। विजेताओं को क्लब के सदस्यों और इष्ट मित्रों ने शुभकामनाएं दी है। इन प्रतिभागियों का क्लब ने भी सम्मान किया है।
उल्लेखनीय है कि साइकिलिंग क्लब बैतूल द्वारा बैतूल नगर एवं जिले में निरंतर साइकिलिंग को बढ़ावा देने और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के प्रयास में विभिन्न गतिविधियां करते रहता है। क्लब के जिला अध्यक्ष नगेंद्र वागद्रे ने बताया कि बैतूल साइकिलिंग क्लब जिला स्तर पर एक्टिव है। इसमें बिसनूर, सूरगांव, कोलगांव, घोड़ाडोंगरी, आठनेर, आमला, भारत भारती, मुलताई सहित अन्य गांवों से एक से बढ़ कर एक लोग नियमित साइक्लिंग करते हैं। क्लब का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है।



