negligence in anganwadi operations : दस दिनों से बंद पड़ी है बाटलाखुर्द के पटेलढाना की आंगनवाड़ी, बच्चों को नहीं मिल रहा लाभ

negligence in anganwadi operations : बैतूल (betul update)। शासन द्वारा बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और अच्छे पोषण के लिए दूरदराज के ग्रामीण अंचलों तक आंगनवाड़ी केंद्र (anganwadi center) खुलवाए गए हैं। यदि इनका नियमानुसार संचालन हो तो बच्चों को जहां अच्छा पोषण आहार मिल सकेगा वहीं प्रारंभिक पढ़ाई भी हो सकेगी। इसके विपरीत जिले के कई आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन में खासी धांधली (negligence in operation) हो रही है।
आदिवासी बहुल भीमपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत बाटलाखुर्द ग्राम पंचायत के पटेलढाना स्थित केंद्र की भी यही स्थिति है। दामजीपुरा मंडल के भाजपा के मीडिया प्रभारी अनिल मोरे बताते हैं कि यह आंगनवाड़ी केंद्र पिछले 10 दिनों से बंद पड़ा है। इसके चलते बच्चे अपने ही घर में रहने को मजबूर हैं। इस केंद्र में 70 बच्चे दर्ज हैं। केंद्र बंद रहने से से बच्चों की शुरूआती पढ़ाई भी बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। वहीं आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहने से ग्रामीणों में भी खासा रोष है।
अनिल मोरे बताते हैं कि उन्होंने इस संबंध में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से चर्चा की तो उनका साफ कहना था कि उनके पास बच्चों को बिठाने की व्यवस्था नहीं है। जबकि, वास्तविकता यह है कि गांव में आंगनवाड़ी के लिए नया भवन बन कर तैयार हो गया है। इसमें केवल पुताई-वगैरह बाकी है। यदि ऐसी कोई स्थिति है तो उसका उपयोग भी किया जा सकता है। लेकिन, ऐसा नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अभी तक आंगनवाड़ी एक ग्रामीण के मकान में लगती थी। उसका प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत होने से वह नया मकान बना रहा है। इसके चलते बच्चों के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची। दूसरी ओर शासन से बाकायदा किराया दिया जा रहा है। ऐसे में वैकल्पिक व्यवस्था की जानी थी। दूसरी ओर नए भवन का उपयोग भी अधिकारियों से चर्चा कर किया जा सकता है। इसके लिए कार्यकर्ता द्वारा कोई रूचि नहीं ली जा रही है।
श्री मोरे का कहना है कि वैसे भी कार्यकर्ता द्वारा केंद्र के संचालन में खासी धांधली बरती जा रही है। बच्चों की क्लास नहीं लगाई जाती है। पोषण आहार वितरण करने के लिए केवल महीने में एक बार बच्चों को बुला लिया जाता है। यही कारण है कि ग्रामीण भी कार्यकर्ता को हटाने की मांग कर रहे हैं। वे इस संबंध में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने की तैयारी भी कर रहे हैं।



