ब्रेकिंग न्यूजदेश/विदेशबड़ी खबरेंबैतूल अपडेटमध्यप्रदेश अपडेट

फिर गिरी गाज: नियमित स्कूल नहीं आने वाले दो शिक्षकों की दो-दो वेतन वृद्धि रोकी, पटवारी को शोकॉज नोटिस

Collector Amanbir singh Bains Gram Samwad

▪️ उत्तम मालवीय, बैतूल

जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत समस्याओं के निराकरण, व्यक्तिगत शिकायतों/समस्याओं के निराकरण तथा हितग्राहीमूलक योजनाओं के धरातल पर क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा के उद्देश्य से संचालित ग्राम संवाद कार्यक्रम आठ सितंबर को जनपद पंचायत बैतूल के सोहागपुर क्लस्टर में आयोजित किया गया। क्लस्टर बैठक ग्राम पंचायत चारबन के ग्राम छाता में आयोजित की गई।

ग्राम संवाद कार्यक्रम के दौरान ग्राम जैतापुर में प्राथमिक शिक्षक सीमा बामने एवं आशा करने के नियमित स्कूल नहीं आने की शिकायत मिलने पर कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस ने दोनों शिक्षकों की दो-दो वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए। इसी तरह ग्राम चारबन में सीएम भू- आवासीय योजनांतर्गत आवेदन दर्ज नहीं होने की शिकायत पर श्री बैंस ने संबंधित पटवारी को कारण बताओ नोटिस देने एवं आवेदकों के आवेदन दर्ज करने की तत्काल कार्रवाई करने के तहसीलदार एवं सीईओ जनपद पंचायत को निर्देश दिए।

ग्राम जैतापुर में साप्ताहिक बाजार का पंजीयन किए जाने का आवेदन भी कलेक्टर को दिया गया। जिसके लिए उन्होंने पंजीयन की आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम डेडवामाल में दो दिव्यांग आवेदकों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र नहीं बनाए जाने की जानकारी मिलने पर उनको वाहन उपलब्ध कराकर मेडिकल बोर्ड के माध्यम से शीघ्रता से दिव्यांगता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने एवं दिव्यांगता पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश सामाजिक न्याय विभाग को दिए गए।

साईंखंडारा के हैंडपंप सुधरवाए गए

ग्राम संवाद के दौरान ग्राम साईंखंडारा के तीन हैंडपंप लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा सुधरवाए गए। एक खराब हैंडपंप की भी शीघ्र मरम्मत करवाई जाएगी। कार्यक्रम में कुल 185 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 70 का मौके पर निराकरण किया गया। शेष के निराकरण के लिए अधिकारियों को समय-सीमा दी गई। ग्राम संवाद कार्यक्रम में क्लस्टर अंतर्गत ग्राम पंचायत मिलानपुर, सोहागपुर, जैतापुर, साईंखंडारा, जावरा, बारव्ही, नाहिया, गुढ़ी, रेड़वा, चारबन, थावड़ी, गौंडीगौला एवं ग्राम पंचायत बयावाड़ी के ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं।

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Back to top button