नपा कर्मचारी ने 2 लाख रुपए के एवज में वसूल डाले 41 लाख रुपए

बैतूल जिले के मुलताई शहर में एक नगर पालिका कर्मचारी से उसके ही साथी द्वारा उधार दिए रुपए के बदले मनमानी वसूली किए जाने का मामला सामने आया है। रिटायर नगर पालिका कर्मचारी ने पत्नी के इलाज के लिए नगर पालिका के ही कर्मचारी से 200000 रुपए उधार लिए थे। इसके बदले में नगर पालिका कर्मचारी ने 41 लाख रुपए ब्याज सहित वसूल लिए।
पत्रकार वार्ता में डीएसपी पल्लवी गौर और टीआई सुनील लाटा ने जानकारी देते हुए बताया प्रार्थी मुन्नालाल रगड़े निवासी राजीव गांधी वार्ड मुलताई (64 साल) रिटायर्ड नगर पालिका कर्मचारी है। उन्होंने पत्नी के इलाज के लिए वर्ष 2002 में राजा चंडालिया निवासी गांधी वार्ड मुलताई से 200000 उधार लिए थे। इसके बाद मुन्नालाल ने राजा को नगद 7 लाख रुपए दिए। वहीं अपने वेतन से चेक के माध्यम से वर्ष 2007 से 2019 तक प्रतिमाह 24000 रुपए दिए। इस तरह कुल 34 लाख 56 हजार रुपए वे दे चुके हैं।
राजा ने मुन्नालाल से कोरे चेकों पर भी हस्ताक्षर करा लिए। राजा ने 200000 के एवज में मन्नालाल से सन 2002 से 2020 तक नगद और चेक के माध्यम से 41 लाख 56 हजार रुपए वसूल लिए और अवैध रूप से मनमाफिक ब्याज से राशि की वसूली की। पुलिस ने मुन्ना लाल की शिकायत पर आरोपी राजा चंडालिया के खिलाफ केस दर्ज किया है।



