दुखद हादसा : पेड़ पर चढ़कर इमली तोड़ रहा था मासूम, संतुलन बिगड़ा और गिर गया, पत्थर से टकराया सिर, हुई मौत

बैतूल। बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र में एक दुखद हादसे में मासूम बालक की मौत हो गई। रातामाटी बुजुर्ग गांव का 8 वर्षीय बालक दोस्तों के साथ खेलते समय पेड़ पर चढ़कर इमली तोड़ रहा था। इसी बीच संतुलन बिगड़ने से वह पेड़ से गिर गया। नीचे गिरने पर उसका सिर सीधे पत्थर से टकराया। गंभीर चोट आने से उसकी मौत हो गई। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजकुमार पिता संजू वरकडे (8) तीसरी क्लास का छात्र था। सोमवार को वह अपने साथियों के साथ खेत के इमली के पेड़ पर चढ़कर इमली तोड़ रहा था। इसी दरमियान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह सीधे पत्थर पर जा गिरा। जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।
बच्चों द्वारा घटना की जानकारी परिजनों को दी गई। इस पर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे। घायल बच्चे को अस्पताल ले जाने के लिए परिजनों द्वारा 108 को फोन लगाया गया। लेकिन कवरेज क्षेत्र के बाहर नंबर बताए जाने से ग्रामीणों द्वारा निजी वाहन से बच्चे को चिचोली सीएचसी लाने का प्रयास किया गया।
हालांकि उनके प्रयास काम नहीं आए और अस्पताल पहुंचते ही घायल बच्चे ने दम तोड़ दिया। मासूम बच्चे की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। इधर घटना की जानकारी लगने के बाद चिचोली पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों के बयान लेकर मर्ग कायम किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



