illegally occupied : चार हेक्टेयर से ज्यादा सरकारी जमीन पर था अवैध कब्जा, बेखौफ की जा रही थी खेती, प्रशासन ने हार्वेस्टर से कटवाई फसल

बैतूल जिले के आमला ब्लॉक में 4 हेक्टेयर से ज्यादा सरकारी जमीन पर कुछ रसूखदारों ने लंबे समय से कब्जा कर रखा गया था। वे बेखौफ होकर उस पर खेती कर रहे थे। शिकवा- शिकायतों के बाद अब कहीं प्रशासन ने इस जमीन पर उपजाई गई फसल को हार्वेस्टर से कटवा कर यह जमीन अतिक्रमण से मुक्त करवाई है। फसल को जब्त कर लिया है। जिसे नीलाम करने की कार्यवाही की जाएगी।
तहसीलदार आमला वैद्यनाथ वासनिक से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कुटखेड़ी की शासकीय भूमि खसरा नंबर 68/1, 319, 320, 70, 279, 72, 86/1 में से कुल रकबा 4.070 हेक्टेयर पर ग्राम के कृषक अमुना पिता दिलीप, रंगू पिता ठेंगु, मुंशी पिता मुरली, सुरेश पिता गंभीरलाल, मधुर पिता रतन, बबलू पिता दल्लू, हेमराज पिता जुगुलाल, देवीराम पिता ठिमु, बब्बू पिता धरमू, सुकी पिता अन्ना, किसन पिता धरमात, युवराज पिता साहेबराव एवं रोन्या पिता मंगरया द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर गेहूं की फसल बोयी गई थी। जिसे राजस्व निरीक्षक बोरदेही, आमला एवं पटवारी टीम, पुलिस बल बोरदेही द्वारा हार्वेस्टर से गेहूं की फसल कटवाकर जब्त कर कुर्की की कार्रवाई की गई।
श्री वासनिक ने बताया कि मौके पर अमुना पिता दिलीप यादव एवं रोन्या पिता मंगरया की फसल हरी होने के कारण हार्वेस्टिंग नहीं की जा सकी है। अमुना एवं रोन्या को फसल ना काटने एवं हार्वेस्टिंग करने हेतु सूचना पत्र जारी किया गया है। जब्त फसल को ग्राम के संदीप यादव एवं कोटवार कुटखेड़ी की अभिरक्षा में रखा गया है। जिसकी नीलामी कार्रवाई की जा रही है एवं नीलामी उपरांत जब्त फसल की राशि शासन मद में जमा की जाएगी।



