खबर का असर: सुधरे आठवां ढाना के बंद पड़े हैंडपंप, ग्रामीणों को मिली राहत
लंबे समय से जल संकट से जूझ रहे बैतूल के भीमपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत खैरा के आठवां ढाना के ग्रामीणों को आखिर राहत मिल गई है। ‘बैतूल अपडेट’ ने विगत 15 फरवरी को उनकी समस्या उठाई थी। इसके अगले ही दिन लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग के कर्मचारियों ने पहुंचकर गांव के बंद पड़े दोनों हैंडपंप दुरुस्त कर दिए हैं। इसके साथ ही ग्रामीणों को जलसंकट (water crisis) से भी निजात मिल गई है।

भीमपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत खैरा के आठवां ढाना के ग्रामीण लंबे समय से जल संकट से जूझ रहे थे। यहाँ व्यवस्था होने के बावजूद ग्रामीणों को पानी मुहैया नहीं हो रहा था। यहां कहने को तो 3 हैंडपंप थे, लेकिन 2 पिछले लंबे समय से बंद पड़े थे। ऐसे में एकमात्र हैंडपंप पर दिन भर लोगों की भीड़ लगी रहती थी। अपनी बारी आने के लिए लोगों को घण्टों तक इंतजार करना पड़ता था।
इन हालातों में गांव में स्थित एक निजी ट्यूबवेल से भी ग्रामीण कभी-कभी पानी लेने को मजबूर हो जाते थे। हालांकि इसमें भी बिजली की समस्या रहती थी। यहां बिजली की अक्सर समस्या रहती है। बिजली रहने पर ट्यूबवेल से भी पानी ले पाना सम्भव नहीं रहता था।

ऐसे में ग्रामीण पंकज तुमडाम, फूलेसिंग तुमडाम, मोहन, मंगल सिंग सहित अन्य ने ‘बैतूल अपडेट’ को अपनी समस्या बताई थी। ‘बैतूल अपडेट’ ने ग्रामीणों की यह समस्या प्रमुखता से प्रशासन और विभाग के समक्ष लाई। इसे गम्भीरता से लेते हुए अधिकारियों ने अगले ही दिन कर्मचारियों को भेज कर बिगड़े दोनों हैंडपंप सुधरवा दिए हैं। पंकज तुमड़ाम बताते हैं कि अब ग्रामवासियों की समस्या हल हो गई है। उन्होंने सभी ग्रामीणों की ओर से ‘बैतूल अपडेट’ का आभार माना है।
यह भी पढ़ें… बैतूल को 424 करोड़ की योजना की सौगात, 267 गांवों को मिलेगा भरपूर पानी



