Bhopal Nagpur national highway: भोपाल-नागपुर हाईवे से 27 घंटे बाद शुरू हुआ यातायात, हजारों वाहन चालकों ने ली राहत

• नवील वर्मा, शाहपुर
भोपाल-नागपुर नेशनल हाईवे (Bhopal Nagpur national highway) से मंगलवार सुबह 7 बजे आखिरकार यातायात शुरू हो गया। इससे हजारों वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है। सुखतवा नदी के उफान पर होने से पिछले 27 घंटे से सुखतवा पुल (sukhtawa bridge) से यातायात बंद पड़ा था। पुल से बाढ़ उतरने के बाद वहां से वाहनों की आवाजाही शुरू (vehicular movement started) हो सकी। इधर बैतूल जिले में कुल बारिश का आंकड़ा अब 1300 मिलीमीटर के पार जा चुका है।
मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में पिछले 3 दिनों से भारी बारिश हो रही थी। इधर बैतूल जिले में भी घोड़ाडोंगरी और शाहपुर ब्लॉक में अच्छी बारिश हो रही थी। यही कारण है कि नर्मदापुरम जिले में स्थित सुखतवा नदी रविवार रात से उफान पर चल रही थी। इससे सोमवार सुबह 4 बजे से भोपाल-नागपुर नेशनल हाईवे से यातायात ठप हो गया था। पहले तो लग रहा था कि कुछ घंटे में यातायात शुरू हो जाएगा। लेकिन, ऐसा नहीं हुआ। लगातार तेज बारिश से कल दिन भर और पूरी रात भर भी यातायात पूरी तरह ठप रहा।
बारिश कम होने पर मंगलवार सुबह 7 बजे से सुखतवा से यातायात शुरू हो पाया है। बाढ़ उतरने पर पुलिस ने वाहनों की आवाजाही शुरू करवाई। इससे 27 घंटे से जाम में फंसे हजारों वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। 27 घंटों तक जाम लगा रहने से यहां दोनों ओर कई किलोमीटर तक हजारों वाहनों की लंबी कतार लगी थी।
जाम में फंसे लोगों को वितरित की सब्जी और पुड़ी
27 घंटे के इस मेगा जाम में कई निजी और सार्वजनिक यात्री वाहन भी फंसे थे। जाहिर था कि उनके पास भोजन की कोई व्यवस्था नहीं थी। वहीं घंटों तक फंसे रहने से लोग भूख से बेहाल हो रहे थे। इसे देखते हुए समाजसेवियों और ग्राम पंचायत के सहयोग से जाम में फंसे लोगों को सब्जी-पुड़ी सुखतवा के चौकीपुरा में वितरित की गई। इससे परेशान लोगों को थोड़ी राहत मिल सकी।
इसलिए हो रही सुखतवा में परेशानी
सुखतवा नदी में पहले कभी बारिश में जाम की समस्या नहीं होती थी। वहां पहले अंग्रेजों के जमाने में बने ऊंचे पुल से आवाजाही होती थी। कुछ महीने पहले एक भारी भरकम ट्राला निकलते समय वह पुल जमींदोज हो गया था। इसके चलते वहां पर ट्रैफिक चालू रखने अस्थाई पुल बनाया है। इसकी ऊंचाई कम होने से इस बार बारिश में वहां लगातार समस्या हो रही है।
बैतूल में हो चुकी इतनी बारिश
बैतूल जिले में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई थी। बारिश लगातार हो भी रही है। लेकिन, तेज बारिश नहीं होने से नदियां उफान पर नहीं हैं। इससे थोड़ी राहत है। बीते 24 घंटे में जिले में 9.6 मिलीमीटर बारिश हुई है। कुल बारिश का आंकड़ा अब 1304.9 मिलीमीटर पर पहुंच गया है। घोड़ाडोंगरी में कुल बारिश 1778.5 और भीमपुर में 1609 मिलीमीटर हो चुकी है।



