अफसरों के लिए अपशब्दों का प्रयोग करता था यह पटवारी, एसडीएम ने किया सस्पेंड

एसडीएम मुलताई ने आमला तहसील के एक पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। तहसीलदार आमला द्वारा भेजे गए प्रतिवेदन में उल्लेखित गम्भीर लापरवाहियों के चलते पटवारी के विरुद्ध यह कार्यवाही की गई है।
जारी आदेश के अनुसार तहसीलदार आमला के पत्र द्वारा शंकरलाल भलावी पटवारी हलका नम्बर 53 बोरदेही द्वारा शासकीय कार्य में लापरवाही बरतना, वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों व निर्देशों की अवहेलना, मुख्यालय पर न रहना, साप्ताहिक बैठक दिनांक 2/2/22 के दौरान संतोषजनक प्रगति न लाना, अधिकारियों के प्रति अपशब्दों का प्रयोग करना, बिना सूचना के मुख्यालय से अनुपस्थित रहना आदि कारणों के कारण यह कृत्य प्रथम दृष्टया सही पाये जाने से शंकरलाल भलावी पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।
इसके साथ ही अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाकर विभागीय जांच संस्थित की जाती है। तहसीलदार आमला को विभागीय जांच अधिकारी तथा नायब तहसीलदार बोरदेही को प्रस्तुतकर्ता अधिकारी नियुक्त किया जाता है। विभागीय जांच अधिकारी नियमानुसार 1 माह के भीतर जांच पूर्ण कर अपना जांच प्रतिवेदन अधोहस्ताक्षरकर्ता के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय तहसील मुलताई में रहेगा। पटवारी को निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता रहेगी।



