बड़ी खबरेंदेश/विदेशबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश अपडेट

अचानक लहराई और दस पलटियां खाकर डिवाइडर पर चढ़ी बोलेरो, एम्बुलेंस से पैदल अस्पताल में गया घायल और तोड़ दिया दम, आधा दर्जन भर्ती

  • विजय सावरकर, मुलताई
    बैतूल-मुलताई नेशनल हाइवे (NH) पर सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। बैतूल से नागपुर की ओर जा रही एक बोलेरो अचानक लहराई और पलटियां खाने लगी। इसके बाद डिवाइडर पर चढ़ गई। इस हादसे में 7 लोग घायल हो गए। इनमें से एक की अस्पताल आने के बाद मौत हो गई। आधा दर्जन घायलों में से 2 को नागपुर और 2 को बैतूल रैफर किया गया है। शेष 2 का मुलताई में इलाज चल रहा है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार शाहपुर और चिचोली ब्लॉक के कुछ गांवों से आधा दर्जन ग्रामीण इलाज कराने के लिए बोलेरो वाहन किराए से कर नागपुर जा रहे थे। आज सुबह करीब 5 बजे मल्हारा पंखा जोड़ के सामने तेज गति से जा रहा बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गया। इसके बाद वाहन ने करीब 10 पलटियां खाई और फिर डिवाइडर पर चढ़ गया।

    इस हादसे में चालक समेत सभी 7 लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। सभी घायलों को सूचना पर NHAI की एंबुलेंस से मुलताई अस्पताल लाया गया। यहां इलाज के दौरान घायल इंद्रजीत यादव (55) निवासी मलाजपुर की मौत हो गई। वाहन चालक बकश यादव (38) निवासी चिरापटला और सुखदेव यादव (45) गवाझड़प के सिर में गम्भीर चोट है। इन दोनों को इलाज के लिए नागपुर रैफर किया गया है।

    घायल मेलाराम पिता रामनाथ यादव (38) और कलसिया पत्नी मेलाराम यादव (32) निवासी चिरापटला को बैतूल ले जाया गया है। निर्मला अमरेश यादव (32) और अमरेश पिता छोटेलाल यादव (35) का मुलताई में ही इलाज चल रहा है।

    खुद चल कर आया भीतर और कुछ ही पलों में हो गई मृत्यु

    इस घटना में मृत इंद्रजीत यादव एम्बुलेंस से अस्पताल के भीतर तक अपने पांव से पैदल चल कर आया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस बीच वह ताप्ती मैया और अन्य देवी-देवताओं के नाम का स्मरण करते रहा। लेकिन, कुछ देर में उसकी मृत्यु हो गई। डॉक्टर के अनुसार उसे अंदरूनी चोट रही होगी। जिससे यह स्थिति बनी।

    अचानक ही लहरा कर पलटियां खाने लगी बोलेरो: घायल

    घायल अमरेश ने बताया कि वे सभी बीमारियों का इलाज कराने के लिए गाड़ी करके नागपुर जा रहे थे। इस बीच अचानक ही गाड़ी लहराई और एक के बाद एक पलटी खाने लगी। करीब 10 पलटी खाने के बाद गाड़ी डिवाइडर पर चढ़ गई। इस हादसे में सभी लोग बुरी तरह घायल हो गए हैं। दूसरी ओर वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।

  • उत्तम मालवीय

    मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

    Related Articles

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    Back to top button